
आपणी हथाई न्यूज, प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आज बीकानेर में भाजपा संभाग कार्यालय में चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई जिसमें दावेदारों ने अपने नामांकन दाखिल किए। आज बीकानेर से एक महिला दावेदार सहित सात दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया है, इसके बाद यह माना जा रहा है कि कल नए जिला अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो जाएगा।
आज नामांकन दाखिल करने वालों में सुमन छाजेड़, महावीर रांका, अविनाश जोशी,
मोहन सुराणा, राजेंद्र पंवार, अनिल शुक्ला व अशोक प्रजापत शामिल रहे। दिलचस्प बात यह है कि सात में से तीन दावेदार सुमन छाजेड़, महावीर रांका व मोहन सुराणा वैश्य ओसवाल समाज से हैं, कयास लगाया जा रहा है कि दौड़ में सबसे आगे इन में से कोई एक हो सकता है। इसके अलावा अविनाश जोशी और अनिल शुक्ला ब्राह्मण समुदाय से आते है वहीं राजेंद्र पंवार और अशोक प्रजापत ओबीसी वर्ग से आते हैं।


राजनीतिक विश्लेषकों की माने तो देहात भाजपा अध्यक्ष ब्राह्मण वर्ग से बनाया गया है तो यह प्रबल संभावना है की शहर भाजपा अध्यक्ष वैश्य या ओबीसी वर्ग से हो सकता है। इसके अलावा अगर शीर्ष नेतृत्व महिला को मौका देता है तो फिर सुमन छाजेड़ के रूप में बीकानेर शहर भाजपा को नया जिला अध्यक्ष मिल सकता है।