


आपणी हथाई न्यूज, प्रदेश बीजेपी संगठन के तहत कुल 44 जिलों में नियुक्तियां होनी थीं, जिनमें पहले ही 40 जिलों में जिम्मेदारियां तय हो चुकी थीं। अब इन शेष चार जिलों में भी नियुक्तियां पूरी हो गईं। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में संगठन पर्व के तहत चुनाव प्रक्रिया 2 दिसंबर 2024 से शुरू हुई थी। बूथ से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक का चुनाव हो चुका है। अब संगठन के बाकी रिक्त पदों को तेजी से भरा जा रहा है।


मंगलवार को शेष बचे चार जिलों के जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी है। इनमें झुंझुनूं, धौलपुर, दौसा और जोधपुर देहात जिले शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि इन नामों की घोषणा दो अलग-अलग सूचियों में की गई। पहली सूची में झुंझुनूं, धौलपुर और जोधपुर देहात के अध्यक्षों के नाम आए, जबकि दूसरी सूची में कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के गृह जिले दौसा के जिलाध्यक्ष का नाम घोषित किया गया।
जोधपुर देहात में ओसियां की पूर्व प्रधान ज्योति ज्याणी को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। वहीं दौसा में गहन मंथन के बाद लक्ष्मी रैला को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दौसा में नियुक्ति को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही थी।इन चार जिलों में से तीन में महिला नेतृत्व को प्राथमिकता दी गई है, जबकि धौलपुर में पुरुष पदाधिकारी को जिम्मेदारी मिली है।
चारों जिलों के नए जिलाध्यक्ष
झुंझुनूं: हर्षिनी कुल्हरी
जोधपुर देहात: ज्योति ज्याणी
धौलपुर: राजवीर सिंह राजावत
दौसा: लक्ष्मी रैला
