Homeखटाखट स्टोरीBikaner Crime : डंपर से कुचलकर बुजुर्ग की हत्या; घायल महिला अस्पताल...

Bikaner Crime : डंपर से कुचलकर बुजुर्ग की हत्या; घायल महिला अस्पताल में भर्ती, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, गजनेर थाना क्षेत्र में बकरियों को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर डंपर से कुचलकर बुजुर्ग की हत्या करने और परिवार के अन्य सदस्यों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंपर भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार सुरजड़ा निवासी जेठाराम पुत्र पूनमाराम मेघवाल ने 21 सितंबर 2026 को गजनेर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि 20 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे उसकी 15-16 बकरियां खेत के बाहर चर रही थीं। आरोप है कि डेह निवासी बाबूलाल पुत्र फताराम उर्फ किसनाराम नायक उन्हें रोककर ले जा रहा था। इस बात को लेकर जेठाराम के पिता पूनमाराम और खेत मालिक सुरेन्द्र कुमार ने उसे उलाहना दिया। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से चला गया, जबकि उसका मोबाइल वहीं गिर गया।

पुलिस के मुताबिक इसी विवाद की रंजिश में 21 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे आरोपी बाबूलाल, उम्र 27 वर्ष, डंपर संख्या आरजे 07 जीएफ 3076 लेकर खेत की रोही में पहुंचा। आरोप है कि उसने डंपर को ढाणी के आगे चारपाई पर सो रहे पूनमाराम और उनकी पत्नी पूनम देवी पर चढ़ा दिया। इस घटना में पूनमाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूनम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद आरोपी ने ढाणी के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी और उसे डंपर में फंसाकर करीब 250 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

रिपोर्ट के अनुसार घायल मां के इलाज के लिए साधन लेने एनएच-11 की ओर गए जेठाराम पर भी आरोपी ने वापस आकर डंपर चढ़ाने का प्रयास किया। जेठाराम ने कथित तौर पर कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। घायल पूनम देवी को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गजनेर थाना पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करवाकर एफएसएल और एमओबी टीम को मौके पर बुलाया। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई गई तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त डंपर आरजे 07 जीएफ 3076 को भी जब्त किया। एफएसएल और एमओबी टीम ने डंपर से भी साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र के साथ तकनीकी सहायता का इस्तेमाल किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बाबूलाल को घटना के 24 घंटे के भीतर दस्तयाब कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे वारदात को लेकर गहन पूछताछ कर रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने इस मामले में थाना गजनेर पर मुकदमा नंबर 130, दिनांक 21 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 103(1), 109(1), 329(3), 324(5), 351(3) और 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।



ताजा खबर