Rajasthan आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने समान पात्रता परीक्षा (CET) के सीनियर सेकेंडरी और ग्रेजुएशन स्तर की प्रस्तावित परीक्षा तिथियों में बदलाव किया है। बोर्ड के चेयरमैन आलोक राज के अनुसार, प्रदेश में निकाय और पंचायत चुनाव की प्रक्रिया के चलते परीक्षा आयोजन के लिए आवश्यक अधिकारी-कर्मचारियों की उपलब्धता को देखते हुए तारीखें आगे बढ़ाई गई हैं।
पहले CET सीनियर सेकेंडरी लेवल की परीक्षा 23 से 25 अक्टूबर 2026 के बीच प्रस्तावित थी, लेकिन अब यह परीक्षा 1 से 3 दिसंबर 2026 के बीच कराए जाने का प्रस्ताव है। इस परीक्षा के लिए करीब 24.50 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। वहीं, ग्रेजुएशन लेवल CET पहले 1 से 3 दिसंबर 2026 के बीच प्रस्तावित थी, जिसे अब जनवरी 2027 के दूसरे से तीसरे सप्ताह के बीच आयोजित कराने की तैयारी है। इस स्तर पर करीब 17 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
दोनों परीक्षाओं को मिलाकर 40 लाख से अधिक अभ्यर्थियों पर इस बदलाव का असर पड़ेगा। परीक्षा तिथियां आगे बढ़ने से अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा, जिसका उपयोग वे सिलेबस पूरा करने, कमजोर विषयों के रिवीजन और मॉक टेस्ट के अभ्यास में कर सकते हैं। हालांकि, बोर्ड की ओर से अंतिम परीक्षा तिथियां और विस्तृत कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।


