Homeखटाखट स्टोरीबीकानेर संभाग : पिता को डिग्गी में डूबता देख बचाने दौड़ी बेटी,...

बीकानेर संभाग : पिता को डिग्गी में डूबता देख बचाने दौड़ी बेटी, कोशिश में गई दोनों की जान

बीकानेर संभाग आपणी हथाई न्यूज,श्रीडूंगरगढ़ रोड स्थित पुलिस थाने के पीछे खेत में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। सिंचाई के दौरान डिग्गी में गिरे पिता को बचाने के लिए 16 वर्षीय बेटी भी पानी में उतर गई, लेकिन वह भी डूब गई। हादसे में 35 वर्षीय पिता और उसकी बेटी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के राणासर निवासी चैनाराम नायक पिछले करीब चार माह से बीदासर में परिवार के साथ खेत में काश्तकारी का काम कर रहा था। शुक्रवार सुबह वह खेत में मूंगफली की फसल की सिंचाई के लिए डिग्गी में पाइप लगाने गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह डिग्गी में जा गिरा। पिता को पानी में गिरता देखकर पास मौजूद उसकी 16 वर्षीय बेटी लीला उसे बचाने के लिए दौड़ी और डिग्गी में उतर गई, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और खेत मालिक मौके पर पहुंचे। खेत मालिक ने रस्सी के सहारे डिग्गी में उतरकर दोनों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पिता-पुत्री को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसआई राजेन्द्र सिंह के अनुसार मृतक के भाई हरिराम नायक की रिपोर्ट पर थाने में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई है। चैनाराम के परिवार में एक बेटा और तीन बेटियां हैं। हादसे में उसकी बड़ी बेटी लीला की भी मौत हो गई। पिता-पुत्री की एक साथ हुई मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।

 



ताजा खबर