
Politics आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान के सिरोही से कांग्रेस के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता संयम लोढ़ा को निशाना बनाने की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और जोधपुर पुलिस की कार्रवाई में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो इनामी शूटरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों शूटरों ने सिरोही में लोढ़ा के फार्महाउस और उनकी गतिविधियों की कई दिनों तक रेकी की थी।
पुलिस जांच के मुताबिक गिरफ्तार शूटरों की पहचान जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा और राजिंदर उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के रहने वाले बताए गए हैं और उनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार दोनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। दोनों लंबे समय से नेपाल में छिपे हुए थे और कथित तौर पर नेटवर्क के निर्देश पर भारत लौटकर राजस्थान पहुंचे थे।
जांच में सामने आया है कि शूटरों ने सिरोही में संयम लोढ़ा के फार्महाउस के आसपास रहकर उनकी आवाजाही और मिलने-जुलने वाले लोगों पर नजर रखी। पुलिस को उनके मोबाइल फोन से लोढ़ा की तस्वीरें भी मिली हैं। बताया गया है कि जिस समय कथित वारदात को अंजाम देने की तैयारी थी, उस दौरान फार्महाउस पर लोगों और पार्षदों की मौजूदगी अधिक होने के कारण शूटरों को अनुकूल मौका नहीं मिला। इसके बाद दोनों जोधपुर चले गए, जहां वे फर्जी पहचान के आधार पर एक होटल में ठहरे हुए थे।
एजीटीएफ को मिले इनपुट के बाद जोधपुर पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर पाली-सिरोही हाईवे पर ढोला गांव के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार वहां विदेशी पिस्टल, मैगजीन और 36 जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित साजिश के पीछे के मकसद की जांच कर रही है।
पुलिस के सामने अब यह भी अहम सवाल है कि संयम लोढ़ा को ही निशाना बनाने की वजह क्या थी। जांच एजेंसियां पुराने विवादों सहित अलग-अलग पहलुओं को खंगाल रही हैं और अभी इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। इस बीच लोढ़ा की सुरक्षा बढ़ाई गई है। हाल के निकाय और पंचायत चुनावों के दौरान भी लोढ़ा अपनी राजनीतिक और कानूनी सक्रियता के कारण चर्चा में रहे थे।


