

Big Breaking आपणी हथाई न्यूज, नोखा क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े हुई बैंक कैश वैन लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। हथियारों से लैस चार बदमाशों ने बैंक की नकदी ले जा रही कैश वैन को रास्ते में रोक लिया और कर्मचारियों को धमकाकर लाखों रुपये से भरा कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। वारदात पांचू थाना क्षेत्र में साधुना और सारुण्ड के बीच हुई।
देखें वीडियो
कैंपर में आए चार बदमाश, हथियारों के दम पर रोकी कैश वैन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैंक की कैश वैन विभिन्न शाखाओं में नकदी पहुंचाने के लिए निर्धारित रूट पर जा रही थी। इसी दौरान एक कैंपर गाड़ी में सवार होकर आए चार बदमाशों ने वैन को रास्ते में घेरकर रुकवा लिया। बदमाशों ने हथियार दिखाकर कैश वैन में मौजूद कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बेहद कम समय में वैन से नकदी से भरा कैश बॉक्स उठाया और कैंपर में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
कैश बॉक्स में 50 लाख से अधिक होने की सूचना
लूटी गई रकम को लेकर प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि कैश बॉक्स में 50 लाख रुपये से अधिक की नकदी थी। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक लूटी गई रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में वास्तविक राशि का पता जांच और बैंक रिकॉर्ड के मिलान के बाद ही सामने आएगा।
नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवा दी है। साथ ही बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों और वारदात से जुड़े अन्य सुरागों को खंगाला जा रहा है।
दिनदहाड़े हथियारों के दम पर कैश वैन से इतनी बड़ी रकम लूटे जाने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब बदमाशों तक पहुंचने के लिए हर संभावित एंगल से जांच में जुटी है।


