

आपणी हथाई न्यूज, बुधवार तड़के राजस्थान के दौसा में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वैन रास्ते में खड़े ट्रेलर ट्रक से जा टकरा गई, इस हादसें 11 लोगों की मौत हो गई।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार हादसा तड़के साढ़े 3 बजे दौसा-मनोहपुर रोड पर बापी के पास हुआ है। हादसे में जान गंवाने वालों में 4 महिलाएं और 7 बच्चे शामिल हैं। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के एटा जिले के असरौली के निवासी थे। वही इस सड़क हादसें में करीब 20 घायल अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश से श्रद्धालु राजस्थान के सीकर में स्थित खाटूश्यामजी मंदिर आए थे। इसके बाद वे सालासर बालाजी मंदिर गए। यहां से दर्शन कर सभी मंगलवार रात को घर लौट रहे थे। तभी पिकअप चालक को झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर ट्रक से टकरा गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ा था।
हादसे के बाद की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसमें पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिख रहा है। वाहन में लोग बुरी तरह फंस गए थे। अब तक मृतकों में पूर्वी (3), प्रियंका (25), दक्ष (12), शीला (35), सीमा (25), अंशु (26) और सौरभ (35) की पहचान हुई है। अभी 4 की पहचान बाकी है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर दुख जताया है और जिला प्रशासन को हरसंभव मदद के लिए कहा है


