

आपणी हथाई बीकानेर न्यूज, जिले में संगठित अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बीकानेर पुलिस ने एक बड़ा अभियान छेड़ते हुए रविवार, 1 मार्च 2026 को ‘एक दिवसीय एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाया। आईजी ओमप्रकाश और एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में चली इस कार्रवाई ने अपराधियों में हड़कंप मचा दिया। इस विशेष अभियान के तहत जिले भर में एक साथ दबिश दी गई, जिसमें कुल 76 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया।
इस विशाल ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए पुलिस बल की 85 टीमें बनाई गई थीं, जिनमें 374 पुलिसकर्मी शामिल थे। इन टीमों ने जिले के 823 विभिन्न स्थानों पर औचक छापेमारी और चेकिंग की। कार्रवाई के दौरान 15 स्थायी वारंटी/उद्घोषित अपराधी, 6 हार्डकोर अपराधी और एक इनामी बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ा। इसके अतिरिक्त, धारा 170 बीएनएसएस के तहत 51 ‘गैर सायल’ व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया गया।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की भी बड़ी बरामदगी हुई। छतरगढ़ और बज्जू पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त और शराब जब्त की, वहीं जेएनवीसी और गजनेर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध पिस्टल और देसी कट्टा बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। सदर थाना पुलिस ने भी धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए ₹1.88 लाख नकद और मकान के दस्तावेज जब्त किए हैं।


