

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के कोटगेट थाना क्षेत्र स्थित मॉर्डन मार्केट में काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे बिल्डिंग निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर अचानक नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक के बेटे सांवरलाल निवासी सुजानदेसर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता ओमप्रकाश मॉर्डन मार्केट क्षेत्र में बिल्डिंग पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक स्टोन टूट जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे छठी मंजिल से नीचे गिर पड़े। गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें तुरंत पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोटगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।


