



ED के मुताबिक, यह कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM), रिलायंस होम फाइनेंस (RHFL) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस (RCFL) से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में की गई है। इनमें रिलायंस कम्युनिकेशंस से संबंधित 247.12 करोड़ रुपये और रिलायंस होम फाइनेंस व रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस से जुड़े मामले में 263.05 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि बैंकों और वित्तीय संस्थानों से प्राप्त सार्वजनिक धन का कथित तौर पर दुरुपयोग किया गया और उसे दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया। जांच में रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, रिलायंस पावर और रिलायंस कैपिटल से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई CBI और दिल्ली-मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखाओं की ओर से दर्ज FIR के आधार पर शुरू की थी। इसके अलावा विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत भी जांच की जा रही है। ED का दावा है कि कथित वित्तीय लेनदेन के जरिए धन को दूसरी कंपनियों और विदेशी ठिकानों तक पहुंचाया गया तथा कुछ रकम प्रमोटर्स और उनके परिवार के निजी लाभ में इस्तेमाल हुई। एजेंसी अब तक इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत छह अभियोजन शिकायतें दाखिल की हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की संभावना है। हालांकि, जांच एजेंसी के आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।



