

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर में झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला शहर के ट्रैफिक थाना क्षेत्र के सामने से सामने आया, जहां अपनी पत्नी के कैंसर इलाज के लिए शहर आए एक बुजुर्ग व्यक्ति को बदमाशों ने निशाना बना लिया। बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने कुछ ही सेकंड में बुजुर्ग के हाथ से मोबाइल फोन छीना और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग व्यक्ति ट्रैफिक थाने के सामने स्थित गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर आए तीन युवक वहां पहुंचे। अचानक एक युवक नीचे उतरा और बुजुर्ग के हाथ से मोबाइल झपट लिया। इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तीनों आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपी साफ दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पीड़ित अपनी पत्नी के कैंसर उपचार के सिलसिले में बीकानेर आया हुआ था। इस घटना के बाद बुजुर्ग काफी घबरा गया और मानसिक रूप से भी परेशान दिखाई दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं से आमजन में भय का माहौल बनता जा रहा है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


