

आपणी हथाई न्यूज, नागौर जिले की गोटन थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर कमलदीप मौर्य की बीकानेर में स्थित करीब 70 लाख रुपए की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के आलीशान मकान और तीन दुकानों को कानूनी प्रक्रिया के तहत सीज कर अपने नियंत्रण में लिया।
थानाधिकारी सुरेश चौधरी के अनुसार कमलदीप मौर्य लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में सक्रिय था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने नशे के धंधे से अर्जित रकम से बीकानेर में संपत्तियां खरीदी थीं, जिन्हें उसने अपने माता-पिता के नाम पर दर्ज करवा रखा था ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ चार मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं, जबकि कुल छह आपराधिक प्रकरण चल रहे हैं। विभिन्न कार्रवाइयों में अब तक उसके कब्जे से 56 लाख से अधिक नशीली गोलियां, इंजेक्शन और सिरप बरामद किए जा चुके हैं। गोटन पुलिस टीम ने बीकानेर पहुंचकर नियमानुसार संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई पूरी की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


