

आपणी हथाई न्यूज, शहर के बीछवाल स्थित स्टेट वूलन मिल क्षेत्र स्थित केयर मार्ट में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे प्रतिष्ठान से धुआं उठता देख संचालक को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।
आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि इमारत के अंदर लगे लोहे के गार्डर तक गर्मी से टेढ़े हो गए। पांच मंजिला इमारत की तीन मंजिलों में रखा घरेलू सामान, राशन, स्टेशनरी, घी, तेल, चावल, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक सहित बड़ी मात्रा में सामग्री पूरी तरह जल गई।
घटना के समय प्रतिष्ठान बंद था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही बीछवाल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


