
Bikaner Fraud आपणी हथाई न्यूज,राजस्थान के बीकानेर में साइबर अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। आम लोगों के साथ-साथ अब सरकारी कर्मचारी भी इन ठगों के निशाने पर हैं। ताज़ा मामला बीछवाल पुलिस थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां इंदिरा गांधी नहर परियोजना (IGNP) में कार्यरत एक वरिष्ठ सहायक को संगठित गिरोह ने लाखों रुपये का चूना लगा दिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरसीपी कॉलोनी निवासी परिवादी अनिल कुमार जीनगर ने बीछवाल थाने में मामला दर्ज करवाया है। अनिल कुमार आईजीएनपी में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि एक संगठित साइबर ठग गिरोह ने उन्हें अपना निशाना बनाया। ठगों ने ‘एमएम इक्यूटी एप’ (MM Equity App), एक अन्य फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन और एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उन्हें निवेश का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। इन फर्जी ऐप्स और ग्रुप्स के जरिये पीड़ित के साथ कुल 4,15,616 रुपये की ठगी की गई।
नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज परिवादी अनिल कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एमएम इक्यूटी एप के संचालक धनेश कपूर, उसकी सहयोगी मनीषा सिंह और ईसी मार्केटस ग्रुप लि. (EC Markets Group Ltd.) के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जांच शुरू बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह इस मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की ट्रेसिंग के आधार पर उन तक पहुँचने का प्रयास कर रही है। यह मामला एक बार फिर डिजिटल दुनिया में निवेश के नाम पर चल रहे बड़े फर्जीवाड़े की ओर इशारा करता है।


