
Bikaner आपणी हथाई न्यूज, शहर के रानीबाजार क्षेत्र स्थित गंगोत्री कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार की रात कोटगेट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अनैतिक गतिविधियों के संदेह में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो विदेशी महिलाओं सहित कुल पांच युवतियों को बरामद किया है। पुलिस ने बिना सूचना विदेशी नागरिकों को ठहराने के आरोप में युवतियों को लाने वाले व्यक्ति और कॉम्प्लेक्स मालिक रोचक के खिलाफ विदेशी विषयक अधिनियम (Foreigners Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला ?
कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चौपड़ा कटला के पास स्थित गंगोत्री कॉम्प्लेक्स के अलग-अलग कमरों में बाहरी महिलाओं को रखकर अनैतिक गतिविधियां करवाई जा रही हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीओ सिटी अनुज डाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिला जाब्ते के साथ कॉम्प्लेक्स में छापा मारा।
दो विदेशी महिलाएं मिलीं तलाशी के दौरान पुलिस को वहां दो विदेशी और तीन अन्य राज्यों की महिलाएं मिलीं। विदेशी महिलाओं की पहचान नारगिजा कुरबोनोवा (कजाकिस्तान) और ट्यूचिवा नीलूफर (उजबेकिस्तान) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि इन विदेशी नागरिकों के ठहरने की सूचना पुलिस या सीआईडी जोन को नहीं दी गई थी, जो कि अनिवार्य है।
मुख्य आरोपी और मालिक पर केस दर्ज जांच में सामने आया कि सीकर निवासी बाबूलाल सैनी इन महिलाओं को बीकानेर लाया था। बाबूलाल पूर्व में हीरालाल मॉल में भी मसाज पार्लर संचालित कर चुका है। सीआईडी विशेष शाखा के एसआई भोमसिंह की रिपोर्ट पर बाबूलाल सैनी और गंगोत्री कॉम्प्लेक्स के मालिक के खिलाफ ‘विदेशी विषयक अधिनियम की धारा 25’ के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल सभी महिलाओं को पीबीएम अस्पताल स्थित ‘सखी सेंटर’ भेजा गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि विदेशी महिलाएं भारत कब आईं और बीकानेर में कब से रह रही थीं।


