आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर जिले की गजनेर पुलिस ने अवैध खनन और बिना रॉयल्टी वाली बजरी के परिवहन पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, पुलिस टीम ने महज दो दिनों के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस सख्त कार्रवाई में अवैध बजरी से भरे तीन डंपरों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, साथ ही तीन आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

यह सघन गश्त और धरपकड़ की कार्रवाई 6 और 7 अप्रैल को की गई। इस पूरे अभियान की मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारीलाल मीणा और कोलायत के वृत्ताधिकारी (डीएसपी) संग्राम सिंह कर रहे थे, जबकि जमीनी स्तर पर टीम का नेतृत्व गजनेर थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने किया। थानाधिकारी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अलग-अलग चेकपोस्ट (नाकों) पर इन बिना रॉयल्टी वाले वाहनों को धर दबोचा।
पकड़े गए वाहनों को जब्त कर पुलिस ने एमएमडीआर (MMDR) एक्ट के तहत तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस ने मौके से जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान गजनेर के कासम खां (25 वर्ष), लालमदेसर मगरा के खींयाराम सारण (46 वर्ष) और बापेऊ के रहने वाले दौलत नाथ (42 वर्ष) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस इन सभी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि बजरी चोरी के इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों का भी पर्दाफाश हो सके।

