Homeखटाखट स्टोरीBikaner : 47 डिग्री की तपिश में सड़कों पर चयनित पीटीआई अभ्यर्थी,...

Bikaner : 47 डिग्री की तपिश में सड़कों पर चयनित पीटीआई अभ्यर्थी, दंडवत प्रदर्शन कर मांगी नियुक्ति

आपणी हथाई न्यूज, जिले में नौतपा के चलते भीषण गर्मी अपने चरम पर है, जहां तापमान 47 डिग्री तक पहुंच चुका है। ऐसे हालात में आमजन घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पीटीआई भर्ती 2022 के चयनित अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। राजस्थान एकीकृत शारीरिक शिक्षक संघ के बैनर तले चयनित शारीरिक शिक्षकों ने बुधवार को दंडवत प्रदर्शन कर सरकार से स्थाईकरण और वेतन नियमितीकरण की मांग उठाई। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रोबेशन पीरियड पूरा हुए करीब 9 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक विभाग की ओर से ना तो स्थाईकरण आदेश जारी किए गए हैं और ना ही नियमित वेतन दिया गया है।

संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राम प्रकाश सांगवा ने आरोप लगाया कि एसओजी जांच का हवाला देकर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया को रोका जा रहा है, जबकि फर्जी तरीके से नियुक्त हुए दो सौ से अधिक शिक्षकों को पहले ही हटाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों और निदेशक स्तर तक अपनी बात पहुंचाई जा चुकी है तथा जयपुर में धरना प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।

प्रदेश मुख्य महामंत्री खेमाराम नैण ने कहा कि यह आंदोलन केवल नौकरी के लिए नहीं बल्कि सम्मान, भविष्य और अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने मांग की कि संदिग्ध परीक्षा केंद्रों पर सख्त कार्रवाई हो, लेकिन ईमानदारी से चयनित अभ्यर्थियों के साथ न्याय किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं तो आगामी दिनों में भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

 



ताजा खबर