
आपणी हथाई न्यूज, मरुधरा की सांस्कृतिक नगरी बीकानेर में आगामी 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले भारतीय नववर्ष कार्यक्रमों को लेकर उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में माखन भोग उत्सव कुंज में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्व हिंदू समाज, मातृशक्ति और विभिन्न संगठनों ने आगामी आयोजनों की रूपरेखा तैयार की। इस बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक टेक चंद बरडिया ने नववर्ष को ‘समाजोत्सव’ के रूप में मनाने का आह्वान किया।
इस वर्ष के आयोजन में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। परंपरागत रूप से हर वर्ष होने वाली धर्मयात्रा की कमान हिंदू जागरण मंच के पास होती है, लेकिन इस बार यह जिम्मेदारी नववर्ष समारोह समिति, लेकिन इस बार यह जिम्मेदारी नववर्ष समारोह समिति, बीकानेर महानगर को सौंपी गई है। इसी उद्देश्य से भारतीय नववर्ष समारोह समिति की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी कर दी गई है। समिति के अध्यक्ष के रूप में समाजसेवी गणेश बोथरा, उपाध्यक्ष के रूप में राजेश चूरा व रामलाल कुम्हार, और महामंत्री के पद पर कर्मचारी नेता भंवर पुरोहित व नवीन सिंह को नियुक्त किया गया है।मोहित जाजड़ा को प्रचार एवं मीडिया का कार्य दिया गया है। इनके सहयोगी दीपक हर्ष रहेंगे।
बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत सूची भी साझा की गई। इसके तहत 4 से 10 मार्च तक बीकानेर की सभी बस्तियों में होली स्नेह मिलन, नुक्कड़ बैठकें और मोहल्ला सजावट जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही घरों में दीप प्रज्वलन और शंखनाद के साथ नववर्ष का स्वागत किया जाएगा। प्रत्येक मोहल्ले से झांकियां निकालने का भी निर्णय लिया गया है, जो इस धर्मयात्रा और उत्सव को और अधिक भव्य बनाएंगी।
धर्मयात्रा और उत्सव के कुशल संचालन के लिए समिति ने 7 मार्च को गोकुल सर्किल स्थित जसोदा भवन में अपने नए कार्यालय के उद्घाटन की घोषणा की है। यह उद्घाटन सुंदरकांड पाठ के साथ किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक विनायक सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। नव नियुक्त पदाधिकारियों का पूर्व घोषित सह-संयोजकों ने दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया और संकल्प लिया कि इस बार की धर्मयात्रा ऐतिहासिक होगी।


