Homeखटाखट स्टोरीसरकारी नौकरी : RPSC ने निकाली स्पेशल टीचर भर्ती, 1 जून से...

सरकारी नौकरी : RPSC ने निकाली स्पेशल टीचर भर्ती, 1 जून से शुरू होगा ऑनलाइन आवेदन

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। आयोग ने स्कूल लेक्चरर (स्पेशल एजुकेशन) भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग में कुल 121 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। विशेष शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 रात 12 बजे तक निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और SSO पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

भर्ती के तहत अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र और संगीत सहित कुल छह विषयों में स्कूल लेक्चरर के पद भरे जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों को राजस्थान सरकार के अधीन स्थायी सेवा का अवसर मिलेगा।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थी के पास संबंधित विषय में मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) डिग्री होना आवश्यक है। इसके साथ B.Ed. (Special Education) अनिवार्य रखा गया है। जिन उम्मीदवारों के पास सामान्य B.Ed. डिग्री है, उन्हें विशेष शिक्षा में दो वर्षीय डिप्लोमा होना जरूरी होगा। इसके अलावा भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) में रजिस्ट्रेशन और हिंदी भाषा व राजस्थानी संस्कृति का ज्ञान भी अनिवार्य है।

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों को 5 वर्ष और महिला अभ्यर्थियों को 10 वर्ष तक की राहत मिलेगी।

आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग और ओबीसी क्रीमी लेयर उम्मीदवारों के लिए 600 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं राजस्थान के मूल निवासी एससी, एसटी, ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को 400 रुपये शुल्क देना होगा।

चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन शामिल होगा। परीक्षा कुल 450 अंकों की होगी, जिसमें दो पेपर आयोजित किए जाएंगे। पहला पेपर सामान्य अध्ययन का होगा, जो 150 अंकों का रहेगा और इसके लिए डेढ़ घंटे का समय मिलेगा। दूसरा पेपर संबंधित विषय और स्पेशल एजुकेशन से जुड़ा होगा, जो 300 अंकों का रहेगा तथा इसके लिए 3 घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को प्रत्येक पेपर में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक लाने होंगे, जबकि एससी और एसटी वर्ग के लिए न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।



ताजा खबर