Homeखटाखट स्टोरीRajasthan Weather : मई की तपिश ने बढ़ाई आमजन की मुश्किलें, मौसम...

Rajasthan Weather : मई की तपिश ने बढ़ाई आमजन की मुश्किलें, मौसम विभाग ने जारी किया हीटवेव का अलर्ट

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान में मई की तपिश लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 24 मई से 27 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में हालात सबसे ज्यादा गंभीर हैं, जहां जैसलमेर, बीकानेर और फलोदी में अति उष्ण लहर को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बाड़मेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और जोधपुर में भी तेज लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। दोपहर के समय गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जरूरी काम के अलावा बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

पूर्वी राजस्थान में भी गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। डीग, धौलपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, कोटा, करौली और प्रतापगढ़ जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जयपुर, अजमेर, उदयपुर और सीकर में फिलहाल लू का बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। जयपुर में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बीकानेर जिले को लेकर मौसम विभाग ने 24 मई से 31 मई तक विशेष चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार जिले में 24 से 29 मई तक लगातार हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है और तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। 30 और 31 मई को तापमान में हल्की गिरावट के संकेत हैं, लेकिन गर्म हवाओं का असर जारी रहेगा। लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

 



ताजा खबर