Homeक्राइमBikaner अनाज मंडी में सनसनी: दिनदहाड़े मुनीम से 4.5 लाख की लूट,...

Bikaner अनाज मंडी में सनसनी: दिनदहाड़े मुनीम से 4.5 लाख की लूट, या फिर कोई ‘भीतरी खेल’?


​आपणी हथाई Bikaner न्यूज, बीकानेर की अनाज मंडी शुक्रवार सुबह उस वक्त थर्रा उठी, जब दिनदहाड़े एक मुनीम से साढ़े चार लाख रुपये लूटने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई। जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह ने बताया कि मंडी की प्रतिष्ठित फर्म ‘बृजमोहन बृजवल्लभ’ के मुनीम दुलाराम ने पुलिस को सूचना दी कि उसके साथ बैंक से दुकान जाते वक्त लूटपाट हुई है।

​वारदात की कहानी: मुनीम की जुबानी
​परिवादी दुलाराम के अनुसार, वह मंडी परिसर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से फर्म के 4.5 लाख रुपये नकद निकालकर पैदल ही अपनी दुकान की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने झपट्टा मारा और रुपयों से भरा बैग छीनकर रफूचक्कर हो गए। फर्म के मालिक नटवर करनाणी को जैसे ही इसकी सूचना मिली, मंडी में हड़कंप मच गया।

शक के घेरे में ‘लूट’: पुलिस को मिलीभगत की आशंका
​हालांकि, यह मामला जितना सीधा नजर आ रहा है, पुलिस उसे उतना मान नहीं रही है। मौके पर पहुंची बीछवाल थाना पुलिस को सीसीटीवी फुटेज तो हाथ लगे हैं, लेकिन घटनाक्रम में कई लूपहोल्स नजर आ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि वारदात की स्थिति काफी संदेहास्पद है।
​मंडी में उठते सवाल: व्यापारिक हलकों में चर्चा है कि डिजिटल लेनदेन के दौर में आखिर साढ़े चार लाख रुपये नकद निकालने की क्या जरूरत थी? पुलिस अब इस थ्योरी पर भी काम कर रही है कि कहीं यह मामला ‘इनसाइड जॉब’ या किसी करीबी की मिलीभगत तो नहीं है।

जांच के घेरे में मुनीम और सीसीटीवी
​फिलहाल पुलिस मुनीम दुलाराम के बयानों की तस्दीक कर रही है और बैंक से लेकर घटनास्थल तक के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वे हर एंगल से जांच कर रहे हैं और जल्द ही इस ‘लूट’ की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा। क्या यह वाकई बदमाशों की दुस्साहसी वारदात थी या फिर किसी गहरी साजिश का हिस्सा, इसका खुलासा पुलिसिया तफ्तीश के बाद ही होगा।



ताजा खबर