

Rajasthan News: राजस्थान के सबसे बड़े पश्चिमी जल स्रोतों में से एक जवाई बांध में अब जल स्तर बढ़ने वाला है वो भी बिना बारिश के। इसका कारण है सेई बांध से छोड़ा गया पानी, जो जवाई नदी के माध्यम से जवाई बांध तक पहुंचेगा। यह निर्णय जल संसाधन विभाग द्वारा लिया गया है।
जल संसाधन विभाग जवाई खण्ड की ओर से जवाई के सहायक सेई बांध का पानी गेट खोलकर जवाई की तरफ छोड़ा है। सेई बांध से जवाई में करीब 530 एमसीएफटी पानी पहुंचेगा। अरावली की वादियों में अच्छी बरसात से जवाई बांध के सहायक 10.03 मीटर गेज व 1618 एमसीएफटी क्षमता का सेई बांध 5.90 मीटर तक भरा है।
बांध में अभी 781 एमसीएफटी पानी है। बांध जलग्रहण क्षेत्र में श्रावण व भाद्रपद के साथ आषाढ़ के शेष दिनों में बरसात की आस को देखते हुए जल संसाधन विभाग की ओर से अधिशासी अभियंता राज भंवरायत, सहायक अभियंता आंकाक्षा रावत व कनिष्ठ अभियंता अभिषेक चारण की मौजूदगी में सेई के गेट खोले गए।
सेई बांध का पानी सेई टनल से होकर जवाई नदी में बहता हुआ जवाई बांध तक जल्द पहुंचने की उम्मीद है। जवाई नदी पर बने 61.25 फीट भराव क्षमता वाले जवाई बांध का गेज सोमवार सुबह 17.35 फीट था। बांध के गेज में सेई का पानी पहुंचने पर बढ़ोतरी होगी। बांध क्षेत्र में अभी तक 171 एमएम बरसात हुई है।


