

Jaipur: जयपुर वालों को ओटीएस चौराहे पर लगने वाले भयंकर जाम से जल्द निजात मिलने जा रही है। हाल ही में आयोजित पब्लिक वर्क्स कमेटी (PWC) की बैठक में इस चौराहे की संकरी पुलिया को चौड़ा करने की स्वीकृति दे दी गई है। परियोजना की अनुमानित लागत 40.17 करोड़ तय की गई है। बैठक की अध्यक्षता जेडीसी आनंदी ने की, जिसमें शहरभर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 526 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई।
ओटीएस चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। हिम्मतनगर आरओबी से जेएलएन मार्ग की ओर आने वाले वाहनों को संकरी पुलिया से गुजरना पड़ता है, जिससे पीक आवर्स में जाम लगना आम बात हो गई है। हालांकि पहले से बनी स्लिप लेन से जो वाहन चालक सीधे शिक्षा संकुल की ओर जाना चाहते हैं, वे भी जाम में फंस जाते हैं, क्योंकि पुलिया महज 50 से 52 फीट चौड़ी है। पुलिया चौड़ी होने के बाद यह 110 से 115 फीट तक हो जाएगी।
जेएलएन मार्ग से हिम्मतनगर पुलिया की ओर जाने वाली सड़क को 20-22 फीट चौड़ा किया जाएगा। पुलिया से जेएलएन मार्ग की ओर आने वाली सड़क को 40-42 फीट तक चौड़ा किया जाएगा। यह न केवल शहरवासियों को रोज़ाना की परेशानी से राहत देगा, बल्कि शहर में शानदार सफर के नए दरवाजे खोलने का भी काम करेगा।


