
Rajasthan Food Security Scheme: राजस्थान के गरीब परिवारों के लिए यह खबर बड़ी सुखद है। राजस्थान सरकार द्वारा खाद्य सुरक्षा योजना को पारदर्शी और जरूरतमंदों के लिए अधिक उपयोगी बनाने के उद्देश्य से चलाया गया गिवअप अभियान अब असर दिखा रहा है। इस पहल के तहत अब तक 23 लाख से अधिक अपात्र लाभार्थी स्वेच्छा से योजना से बाहर हो चुके हैं।
इसका सीधा फायदा उन नए पात्र परिवारों को मिला है जो अब तक योजना से वंचित थे। यह अभियान 1 नवंबर 2023 से शुरू किया गया था, ताकि अपात्र लोगों को हटाकर असली जरूरतमंदों को इसका लाभ दिया जा सके। खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि पहले योजना की अधिकतम सीमा 4.46 करोड़ लाभार्थियों की पूरी हो चुकी थी।
इस वजह से नए पात्र लोग सूची में नहीं जुड़ पा रहे थे। गिवअप अभियान के तहत अपात्र लोग स्वेच्छा से हटे तो नई जगह बनी। जयपुर जिले में भी 2 लाख से ज्यादा अपात्र लाभार्थियों ने खुद नाम वापस लिया है सरकार ने 26 जनवरी 2024 से खाद्य सुरक्षा योजना का पोर्टल खोला, जिसके जरिए अब तक 51 लाख नए पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जा चुका है। Rajasthan Food Security Scheme


