


आपणी हथाई बीकानेर न्यूज, शहर की सबसे बड़ी ट्रैफिक समस्या यानी कोटगेट और सांखला रेलवे फाटक पर अंडरब्रिज निर्माण की दिशा में बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भूमि अवाप्ति अधिकारी द्वारा जारी एक सार्वजनिक सूचना के अनुसार, जिन लोगों ने भूमि अधिग्रहण को लेकर अपनी आपत्तियाँ दर्ज कराई थीं, उन्हें अब व्यक्तिगत सुनवाई के लिए बुलाया गया है।
मूल दस्तावेजों के साथ होना होगा उपस्थित
सूचना के अनुसार, कोटगेट रेलवे फाटक क्षेत्र के आपत्तिकर्ताओं को 15 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:00 बजे बीकानेर विकास प्राधिकरण के नवीन भवन स्थित मीटिंग हॉल में उपस्थित होना होगा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सभी आपत्तिकर्ताओं को अपने दावे से संबंधित संपूर्ण मूल दस्तावेज (Original Documents) साथ लाने अनिवार्य हैं।
अंतिम अवसर: देरी पर नहीं होगा विचार
प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा और नियमानुसार आगे की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। साथ ही, इस दौरान कोई भी नई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। यह सुनवाई केवल उन लोगों के लिए है जिन्होंने पूर्व में प्रकाशित गजट नोटिफिकेशन (29.01.2026) और स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित सूचना (31.01.2026) के आधार पर अपनी आपत्तियाँ दर्ज कराई थीं।
क्या है पूरा मामला?
राज्य सरकार कोटगेट और सांखला रेलवे फाटक पर अंडरब्रिज बनाने के लिए धारा 19 के तहत भूमि अधिग्रहण कर रही है। इसमें कई आवासीय और व्यावसायिक मकान व दुकानें प्रभावित हो रही हैं। इसी के मद्देनजर प्रभावित पक्षकारों की सुनवाई कर मुआवजे और अधिग्रहण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाना है।


