

आपणी हथाई Sports न्यूज,क्रिकेट प्रेमियों को आज एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। एसीसी पुरुष राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के ग्रुप-B में इंडिया-A और पाकिस्तान-A की टीमें आमने-सामने होंगी। टूर्नामेंट में दोनों ही टीमों ने जीत के साथ अपने अभियान का शानदार आगाज किया है, ऐसे में दूसरे ग्रुप मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह है।

यह हाई-वोल्टेज मुकाबला कतर की राजधानी दोहा स्थित वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम की कमान तिलक वर्मा के हाथों में होगी, जबकि पाकिस्तान-A की अगुवाई अब्दुल समद करेंगे।

जीत के साथ दोनों टीमों ने किया आगाज
इंडिया-A ने अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 306 रनों के विशाल अंतर से हराकर अपनी ताकत का दमदार प्रदर्शन किया था। भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार खेल दिखाते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।
वहीं पाकिस्तान-A ने अपने पहले मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 61 रनों से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की। अब दोनों टीमें लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।
इंडिया-A की टीम में कई बड़े नाम
भारतीय टीम में तिलक वर्मा के अलावा अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी विभाग में हर्षित राणा, तनुश कोटियन, हर्ष दुबे और अरशद खान जैसे खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी।
दोनों टीमों का पूरा स्क्वाड
इंडिया-A स्क्वाड: तिलक वर्मा (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, तनुश कोटियन, हर्ष दुबे और अरशद खान।
पाकिस्तान-A स्क्वाड: अब्दुल समद (कप्तान), शाहजैब खान, हैदर अली, हसन नवाज, माज सदाकत, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), दानिश अजीज, मोहम्मद इमरान रंधावा, मोहम्मद हसनैन, अहमद दानियाल, सुफियान मोकिम, अली रजा, साद मसूद, शमील हुसैन और फरहान युसूफ।
अब देखना दिलचस्प होगा कि दोहा के मैदान पर कौन सी टीम बाजी मारती है। क्या इंडिया-A अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखेगी या पाकिस्तान-A उलटफेर करते हुए भारतीय टीम को चुनौती देगी? इस मुकाबले पर क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें टिकी रहेंगी।



