Homeखटाखट स्टोरीBikaner : 11 मई से राजस्थान के इन जिलों में हीटवेव का...

Bikaner : 11 मई से राजस्थान के इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट, बीकानेर में आंधी और बारिश की संभावना…

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान में एक बार फिर गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मई के शुरुआती दिनों में लगातार सक्रिय रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश देखने को मिली थी, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। लेकिन अब मौसम साफ होते ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसका असर दिन और रात दोनों समय महसूस किया जाएगा। पश्चिमी राजस्थान में अगले पांच से छह दिनों तक गर्म हवाएं चलने और रात में भी उमस व गर्मी बने रहने की चेतावनी दी गई है।

हालांकि मौसम में फिर बदलाव के संकेत भी मिल रहे हैं। विभाग का कहना है कि 11 और 12 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में तेज आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे कुछ इलाकों में तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चित्तौड़गढ़, अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर, नागौर, जालोर और पाली समेत कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।



ताजा खबर