

आपणी हथाई न्यूज, बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी फिल्मों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। एक तरफ उनकी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ लंबे समय से सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन कर रही है, वहीं दूसरी ओर उनकी बहुप्रतीक्षित मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ रिलीज से पहले ही चर्चा का बड़ा विषय बन चुकी है। इस फिल्म को ‘वेलकम 3’ के नाम से भी जाना जा रहा है, जो सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘वेलकम’ का अगला भाग है।
26 जून को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत अब आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले से होने जा रही है। रविवार को खेले जाने वाले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटन्स के फाइनल मैच के दौरान अक्षय कुमार फिल्म का प्रमोशन करते नजर आएंगे। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो भी साझा किया है।
वीडियो में पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, रविचंद्रन अश्विन और अनिल कुंबले जैसे दिग्गज कमेंट्री स्टूडियो में मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं। स्टूडियो के पीछे ‘वेलकम टू द जंगल’ के पोस्टर्स भी नजर आते हैं। वीडियो में अक्षय कुमार कहते सुनाई देते हैं, “वेलकम टू द एक्शन, मजा, ड्रामा और ढेर सारा हंगामा… देखिए सबसे एपिक टी20 फाइनल 31 मई शाम 6 बजे सिर्फ जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर।”
हालांकि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि अक्षय कुमार आईपीएल फाइनल के दौरान मैदान में लाइव प्रमोशनल इवेंट का हिस्सा बनेंगे या केवल स्टूडियो से ही दर्शकों को एंटरटेन करते दिखाई देंगे। लेकिन उनके इस अंदाज ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।
‘वेलकम टू द जंगल’ के जरिए अक्षय कुमार एक बार फिर ‘वेलकम’ यूनिवर्स में वापसी कर रहे हैं। साल 2007 में रिलीज हुई ‘वेलकम’ में उनकी कॉमिक टाइमिंग को काफी पसंद किया गया था। हालांकि 2015 में आई ‘वेलकम बैक’ में उनकी जगह जॉन अब्राहम नजर आए थे। अब निर्देशक अनीस बज्मी तीसरे पार्ट में फिर से अक्षय के साथ दर्शकों को हंसी का बड़ा डोज देने की तैयारी में हैं।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी विशाल स्टारकास्ट मानी जा रही है। अक्षय कुमार के साथ बॉबी देओल, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी और परेश रावल जैसे कई बड़े सितारे इसमें दिखाई देंगे। हाल ही में रिलीज हुआ फिल्म का भोजपुरी स्टाइल गाना ‘घिस घिस घिस’ सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और फिल्म को जबरदस्त चर्चा दिलाने में सफल रहा। अब आईपीएल फाइनल के मंच से फिल्म का प्रमोशन इसकी रिलीज से पहले माहौल को और गर्माने वाला माना जा रहा है।


