

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, कोटगेट थाना क्षेत्र में सब्जी मंडी के पास 17 वर्षीय किशोर के साथ 5-6 युवकों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने लोहे की रॉड से किशोर की आंख के पास हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी और आंख के पास करीब 10 टांके लगाने पड़े।
पुलिस को दी रिपोर्ट में आसावत सुनारों की गुवाड़ निवासी 17 वर्षीय सुमित सोनी पुत्र भवानीशंकर सोनी ने बताया कि 6 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे वह सब्जी मंडी के पास मौजूद था। इसी दौरान 5-6 लड़कों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड से उसकी आंख पर वार किया। सुमित के अनुसार गौरव सोलंकी और आशीष बेनीवाल समेत कुछ युवक उससे आपसी रंजिश रखते हैं और पहले भी उसे जान से मारने की धमकी दे चुके हैं।
पीड़ित ने बताया कि मारपीट के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा होने लगी तो आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


