HomeबीकानेरBikaner Crime : काम पर गया हुआ था परिवार..पीछे से 80 लाख...

Bikaner Crime : काम पर गया हुआ था परिवार..पीछे से 80 लाख का सोना-चांदी पार

basic ad

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, श्रीडूंगरगढ़ तहसील के गुसाईंसर बड़ा गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया और मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 80 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोर करीब साढ़े तीन क्विंटल वजन की तिजोरी तोड़कर उसमें रखे करीब 35 तोला सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान ले गए। वारदात के समय मकान मालिक परिवार सहित बाहर गया हुआ था।

पुलिस के अनुसार चोरी गुसाईंसर बड़ा कानेरा निवासी दयालराम पुत्र तारूराम गोदारा के मकान में हुई। दयालराम अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी, दो बहुएं और एक विवाहित बेटी से जुड़ा परिवार रहता है। परिवार के सदस्य बाहर गए होने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान में प्रवेश किया और बड़ी तिजोरी को निशाना बनाया।

बताया गया कि चोरों ने पहले मकान के अंदर रखी भारी तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर उसे उठाकर घर से बाहर ले गए। बाद में किसी अन्य स्थान पर तिजोरी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। चोरी का पता परिवार के वापस लौटने पर चला। घर में सामान बिखरा मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है गांव मे दो मोटरसाइकिल सवार युवकों को देखा गया है और जिन्होंने गांव की एक पंचर निकालने वाली दुकान से औजार भी मांगकर काम लिया है। शक की सुई इन दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों के इर्द गिर्द घूम रही है।

बरहाल सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

ग्रामीणों ने दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात पर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, ऐसे में पुलिस को गश्त बढ़ाने के साथ आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ अन्य सुरागों पर भी काम किया जा रहा है।



ताजा खबर