

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, नोखा के मांगीलाल बागड़ी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे एक व्यक्ति की जेब से भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति ने 3800 रुपए नकद और जरूरी कागजात से भरा पर्स निकाल लिया। पीड़ित ने नोखा थाने में रिपोर्ट देकर मामले की जांच और आरोपी का पता लगाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 2 निवासी महावीर ब्राह्मण मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उपचार के लिए मांगीलाल बागड़ी अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल में पर्ची कटवाने के लिए वे लाइन में खड़े थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से पर्स निकाल लिया। महावीर के मुताबिक पर्स में 3800 रुपए नकद के अलावा कई जरूरी कागजात रखे हुए थे। घटना के बाद उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन पर्स या आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पीड़ित ने अस्पताल परिसर में एक महिला के संदिग्ध रूप से शामिल होने की आशंका भी जताई है। वहीं अस्पताल में मरीजों और परिजनों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। नोखा पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पर्स गायब होने के बाद आरोपी के अस्पताल से बाहर निकलने और आसपास तलाश किए जाने की भी जानकारी जुटाई जा रही है।



