
Sports आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिला क्रिकेट संघ की ओर से सितंबर 2026 में आयोजित होने वाली राजस्थान की अंडर-16 राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए जिला टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अंडर-16 बालक टीम के चयन के लिए ट्रायल 16 अगस्त को सुबह 7 बजे सादुल क्लब मैदान में होंगे।

जिला क्रिकेट संघ के सचिव रतन सिंह ने बताया कि चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को पिछले तीन वर्षों की अंकतालिकाएं, मूल निवासी प्रमाण पत्र, डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र, खिलाड़ी एवं माता-पिता के आधार कार्ड की प्रतियां तथा विद्यालय द्वारा जारी चालू सत्र का बोनाफाइड प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने वाले खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में केवल वे खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनका जन्म 1 सितंबर 2010 से 31 अगस्त 2012 के बीच हुआ है। इसके अलावा खिलाड़ी का पूर्व पंजीकरण होना भी अनिवार्य है। संघ ने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सादुल क्लब मैदान पहुंचने की अपील की है।




