
Bikaner आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर से करीब 110 किलोमीटर दूर नागौर जिले में पुलिस ने नशे के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए करीब 100 करोड़ रुपए कीमत की एमडी ड्रग्स बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई में अवैध रूप से संचालित ड्रग्स फैक्ट्री का खुलासा हुआ, जिसका मुख्य आरोपी भारतीय नौसेना से भगौड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस ने पांच दिन पहले जोधपुर में करीब 20 करोड़ रुपए की ड्रग्स के साथ महावीर पुत्र हनुमान, निवासी लक्ष्मणपुरा कुचेरा, हाल दीप कॉलोनी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर नागौर पुलिस ने शुक्रवार को दीप कॉलोनी स्थित किराए के मकान में दबिश दी। देर रात तक चली कार्रवाई में पुलिस ने 5.418 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स, 2.744 किलोग्राम कैफीन, 24 प्रकार के करीब 210 लीटर खतरनाक रसायन और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद कीं।

ऑनलाइन सीखा ड्रग्स बनाने का तरीका
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी महावीर ने फरवरी 2026 में नौसेना की नौकरी छोड़कर फरारी का रास्ता अपनाया। इसके बाद उसने एमडी ड्रग्स तैयार करने की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने इंटरनेट के माध्यम से ड्रग्स बनाने की प्रक्रिया का अध्ययन किया और नागौर में किराए का मकान लेकर वहीं अवैध निर्माण शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने इस काले कारोबार की जानकारी परिवार के सदस्यों तक से छिपा रखी थी। उसने किराए के मकान का पूरा पता भी किसी को नहीं बताया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार ड्रग्स की सप्लाई किन-किन स्थानों और लोगों तक की जा रही थी।
10 दिन में बदल देता था सिम कार्ड
जांच में आरोपी की तकनीकी चालाकी का भी खुलासा हुआ है। पुलिस को उसके इस्तेमाल किए गए करीब 12 मोबाइल सिम की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि महावीर एक सिम का इस्तेमाल करीब 10 दिन तक करता था और इसके बाद उसे बंद कर नई सिम चालू कर देता था, ताकि उसकी गतिविधियों को ट्रैक करना मुश्किल हो।
पुलिस को आरोपी के मोबाइल डाटा और पूछताछ से स्थानीय स्तर के अलावा अंतरराज्यीय स्तर पर भी नशे के कारोबार से जुड़े संपर्कों के सुराग मिले हैं। अब इन कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।
नागौर के एएसपी आशाराम चौधरी ने बताया कि नौसेना से भगौड़े आरोपी महावीर के मोबाइल डिटेल और अब तक हुई पूछताछ के आधार पर यह बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में कार्रवाई जारी है।




