
Bikaner आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर शहर के श्रीरामसर क्षेत्र में हर्षोलाव तालाब के पास अवैध खनन की शिकायत पर पुलिस और माइंस विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी मशीनों सहित तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। मौके पर खनन कर निकाली गई मिट्टी को ट्रैक्टरों के जरिए परिवहन किया जा रहा था।
माइंस विभाग के इंजीनियर रमेश गहलोत ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान एक ट्रैक्टर खनन स्थल से निकाली गई मिट्टी लेकर जाता मिला। चालक से पूछताछ में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर नयाशहर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खनन स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मौके पर खनन गतिविधियां संचालित होती मिलीं। कार्रवाई करते हुए पुलिस और माइंस विभाग की टीम ने दो जेसीबी मशीनों और तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए ट्रैक्टरों का इस्तेमाल खनन सामग्री के परिवहन में किया जा रहा था।

एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही मशीनों और खनन सामग्री के परिवहन में लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं, जिला कलेक्टर के निर्देश पर नायब तहसीलदार और संबंधित पटवारी भी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की जांच शुरू की।
प्रशासनिक टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि जिस जमीन पर खनन किया जा रहा था, उसकी प्रकृति क्या है और उसका मालिकाना हक किसके पास है। अधिकारियों के अनुसार जमीन निजी हो या किसी अन्य श्रेणी की, वैध अनुमति के बिना खनन की गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकतीं।
प्रारंभिक जानकारी में खनन स्थल को हर्षोलाव तालाब की आगोर क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी वास्तविक स्थिति और जमीन की प्रकृति प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। जांच के निष्कर्ष के आधार पर संबंधित विभागों की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



