
आपणी हथाई न्यूज, रामदेवरा मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राजस्थान रोडवेज प्रशासन ने बड़ी राहत की घोषणा की है। 12 से 22 सितंबर तक चलने वाले रामदेवरा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज की ओर से अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों को राहत देने के लिए किराए में 50 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी।

रोडवेज प्रशासन ने मेले के दौरान यात्री भार को देखते हुए 13 डिपो से करीब 70 अतिरिक्त बसें रामदेवरा के लिए चलाने की तैयारी की है। इन बसों का संचालन अलग-अलग मार्गों से किया जाएगा, ताकि बीकानेर संभाग सहित आसपास के जिलों से रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं को आसानी से परिवहन सुविधा मिल सके।

रामदेवरा मेले के दौरान बीकानेर से रामदेवरा के लिए 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके अलावा नागौर, श्रीडूंगरगढ़, हनुमानगढ़, अनूपगढ़, पाली, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, श्रीगंगानगर, सरदारशहर और फलोदी सहित विभिन्न क्षेत्रों से भी अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। इस दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर जरूरत के अनुसार बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए जा सकेंगे।
रोडवेज प्रशासन की ओर से डिपो प्रबंधकों को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के साथ ही बसों के संचालन और यात्री सुविधाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। मेले के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाएगा।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार रामदेवरा मेले के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए बसों के संचालन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यात्री भार बढ़ने की स्थिति में मांग के अनुरूप अतिरिक्त बसें लगाई जा सकती हैं और फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं।
इस व्यवस्था से बीकानेर और आसपास के जिलों से रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं को कम किराए में बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। मेले के दौरान 24 घंटे बस सेवा और अतिरिक्त बसों के संचालन से निजी वाहनों तथा अन्य साधनों पर निर्भरता भी कम हो सकती है।



