
आपणी हथाई न्यूज, निकाय चुनावों को लेकर बीकानेर जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी भी चुनावी मैदान में अपनी रणनीति स्पष्ट करने की तैयारी में जुट गई है। इसी सिलसिले में पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल रविवार को बीकानेर जिले के विभिन्न निकाय क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

नारायण बेनीवाल सुबह 10:15 बजे नोखा, 11:30 बजे देशनोक, 12:30 बजे नापासर, 2 बजे श्रीडूंगरगढ़, 4 बजे लूणकरणसर और शाम 6 बजे बीकानेर पहुंचेंगे। प्रत्येक स्थान पर वे पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठकों में निकाय चुनाव की तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों और संगठन की चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

बेनीवाल के इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में सबसे अधिक चर्चा इस बात की है कि आरएलपी निकाय चुनावों के लिए अपने संभावित प्रत्याशियों के नामों पर भी मुहर लगा सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि बीकानेर जिले में किन-किन निकाय क्षेत्रों से आरएलपी अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी।
दौरे की समय-सारिणी को देखते हुए माना जा रहा है कि अलग-अलग क्षेत्रों में स्थानीय कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के बाद संभावित प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम चर्चा की जा सकती है। ऐसे में नारायण बेनीवाल की बैठकों को महज संगठनात्मक दौरे के बजाय आरएलपी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यदि पार्टी इस दौरे के दौरान प्रत्याशियों के नामों का ऐलान करती है, तो बीकानेर जिले में निकाय चुनाव का मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो सकता है। अब सभी की निगाहें नारायण बेनीवाल के दौरे और बैठकों के बाद सामने आने वाले आरएलपी के अगले कदम पर टिकी हैं।



