Homeखटाखट स्टोरीBollywood : हॉलीवुड ने बताया बॉलीवुड के विद्युत जामवाल को 'भारत का...

Bollywood : हॉलीवुड ने बताया बॉलीवुड के विद्युत जामवाल को ‘भारत का जैकी चेन’, 16 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘स्ट्रीट फाइटर’

Bollywood आपणी हथाई न्यूज, बॉलीवुड के एक्शन स्टार विद्युत जामवाल जल्द ही हॉलीवुड की फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ में अपने दमदार अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। लोकप्रिय वीडियो गेम पर आधारित यह लाइव-एक्शन फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में विद्युत जामवाल धालसिम का किरदार निभा रहे हैं, जो योग और मार्शल आर्ट में माहिर एक भारतीय योद्धा है। खास बात यह है कि फिल्म में उनके साथ काम करने वाले विदेशी कलाकार भी विद्युत की फिटनेस, व्यक्तित्व, अनुशासन और व्यवहार से काफी प्रभावित हैं। विद्युत के अंदाज ने हॉलीवुड सितारों को किया प्रभावित किया है। विद्युत जामवाल हिंदी सिनेमा में ‘फोर्स’ और ‘कमांडो’ जैसी फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। अपने खतरनाक स्टंट, मार्शल आर्ट कौशल और शारीरिक क्षमता के लिए मशहूर विद्युत अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने जा रहे हैं। ‘स्ट्रीट फाइटर’ में उनके साथ काम कर रहे WWE रेसलर कोडी रोड्स और कॉमेडियन एंड्रयू शुल्ज ने भी उनकी जमकर तारीफ की है। दोनों कलाकारों ने यूट्यूब पॉडकास्ट ‘Flagrant’ में विद्युत के व्यक्तित्व से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए। बातचीत के दौरान उन्होंने मुंबई में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम का एक वीडियो भी देखा, जिसमें विद्युत लगभग 15 मिनट तक ध्यान लगाते नजर आए थे।

ट्रेलर लॉन्च पर ध्यान लगाने के अंदाज से प्रभावित हुए कोडी रोड्स
कोडी रोड्स ने विद्युत के इस अंदाज की तारीफ करते हुए बताया कि ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम से पहले अभिनेता उनके लिए प्रार्थना कर रहे थे। कोडी के मुताबिक, विद्युत बेहद खास व्यक्तित्व के मालिक हैं और उनका रहन-सहन दूसरों से अलग है। उन्होंने विद्युत के लंबे बालों का जिक्र करते हुए भी उनके अंदाज की सराहना की। वहीं, एंड्रयू शुल्ज ने विद्युत की तुलना एक सच्चे साधु से की। उन्होंने कहा कि विद्युत को करीब से जानना एक शानदार अनुभव रहा। एंड्रयू ने उनकी शारीरिक बनावट और आकर्षक व्यक्तित्व की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि फिल्म के दौरान कलाकार साथ में डिनर करते थे और कई विषयों पर बातचीत भी होती थी। इन मुलाकातों से उन्हें विद्युत को बेहतर ढंग से जानने का मौका मिला।

शाकाहारी हैं विद्युत, प्रोटीन को लेकर भी हुई चर्चा
पॉडकास्ट के दौरान कोडी रोड्स ने विद्युत के साथ अपनी पहली मुलाकात का एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। उन्होंने एंड्रयू शुल्ज से मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या उन्होंने विद्युत से प्रोटीन को लेकर उनकी कथित धारणा के बारे में बातचीत की थी। कोडी ने बताया कि विद्युत शाकाहारी हैं और बातचीत के दौरान उन्होंने प्रोटीन को मिथक बताने वाली बात भी कही थी। इस प्रसंग ने पॉडकास्ट में मौजूद कलाकारों के बीच हल्का-फुल्का माहौल बना दिया।

विद्युत ने कोडी रोड्स को दिया खास तोहफा
कोडी रोड्स ने विद्युत के साथ फिल्म की शूटिंग के दौरान बिताए गए पलों को याद करते हुए उनके उदार स्वभाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के अंतिम दिन विद्युत ने उन्हें एक खास उपहार दिया था। फिल्म में कोडी के किरदार के गले में खोपड़ी के आकार वाला एक नेकलेस दिखाई देता है। विद्युत ने उन्हें इसी तरह का नेकलेस हाथ से लिखे एक नोट के साथ भेंट किया था। कोडी के अनुसार, विद्युत ने यह उपहार उनकी बस में रख दिया था।
कोडी ने यह भी बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उनकी बेटी का जन्म हुआ था। इस खास अवसर पर विद्युत ने उन्हें दो अलग-अलग शॉल उपहार में दिए। कोडी ने अभिनेता के इस व्यवहार को याद करते हुए कहा कि विद्युत बेहद दयालु और अच्छे इंसान हैं। उनका व्यक्तित्व किसी साधु जैसा है और वह वास्तव में अनुशासित जीवन जीते हैं।

एंड्रयू शुल्ज ने बताया भारत का जैकी चैन
एंड्रयू शुल्ज भी विद्युत जामवाल की प्रतिभा से काफी प्रभावित दिखाई दिए। उन्होंने भारतीय अभिनेता की तुलना मशहूर मार्शल आर्ट्स स्टार जैकी चैन से करते हुए उन्हें भारत का जैकी चैन बताया। एंड्रयू ने विद्युत के मार्शल आर्ट कौशल और स्टंट करने की क्षमता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि विद्युत के परिवार में कई पीढ़ियों से मार्शल आर्ट का अभ्यास होता आया है। उनके मुताबिक, विद्युत के स्टंट देखकर कोई भी हैरान रह सकता है। एंड्रयू ने यह भी बताया कि विद्युत ने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया था।

हॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने को तैयार विद्युत
विद्युत जामवाल के लिए ‘स्ट्रीट फाइटर’ हॉलीवुड में अपनी एक्शन प्रतिभा और व्यक्तित्व को बड़े स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। फिल्म में धालसिम जैसे किरदार को निभाने के लिए मार्शल आर्ट, शारीरिक नियंत्रण और विशेष अंदाज की जरूरत है, जो विद्युत की पहचान का अहम हिस्सा रहे हैं। फिल्म की रिलीज से पहले ही उनके सह-कलाकारों की तारीफ ने भारतीय प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अब दर्शकों को इंतजार है कि 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली ‘स्ट्रीट फाइटर’ में विद्युत जामवाल का एक्शन अवतार किस तरह का प्रभाव छोड़ता है।



ताजा खबर