
Politics आपणी हथाई न्यूज, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीकानेर दौरे से पहले कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल का बड़ा बयान सामने आया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मेघवाल ने पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में टिकट वितरण को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “अगर टिकट वितरण में मैं होता और सांसद होता, तो आज ये हालात नहीं होते।” उन्होंने चुनाव के दौरान बने कैंप में कई अनुभवहीन लोगों के शामिल होने की बात भी कही। मेयर के चयन को लेकर तंज कसते हुए मेघवाल ने कहा, “मेयर तो कल्ला साहब की कल्ला से बना।”
मेघवाल ने पंचायतीराज चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पहले डूडी साहब के रहते पंचायतीराज चुनाव के टिकटों को लेकर उनसे सलाह-मशविरा किया जाता था, लेकिन अब डूडी साहब नहीं हैं। ऐसे में टिकट वितरण को लेकर फैसला प्रदेश नेतृत्व को करना है। उन्होंने यह भी कहा कि अब बैठकों की सूचना नियमित रूप से मिलने लगी है। साथ ही स्पष्ट किया कि देहात कांग्रेस की बैठक में शहर अध्यक्ष की कोई भूमिका नहीं होती।
कांग्रेस की अंदरूनी परिस्थितियों पर बोलते हुए मेघवाल ने कहा कि अगर हम थोड़ा भी बोल देते हैं, तो पार्टी के विरोधी लोग उसका फायदा उठाने लगते हैं। उनके इस बयान को कांग्रेस के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान और संगठनात्मक फैसलों को लेकर उनकी नाराजगी के संदर्भ में देखा जा रहा है।
पूर्व मंत्री ने बताया कि अगले दिन खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शामिल होंगे। कार्यक्रमों के आयोजन और जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रम का अधिकार संबंधित ब्लॉक के पास होता है। गहलोत के दौरे से पहले मेघवाल के इन बयानों ने बीकानेर की कांग्रेस राजनीति में चर्चाओं को तेज कर दिया है।टैग्स: गोविंदराम मेघवाल, अशोक गहलोत, बीकानेर कांग्रेस, राजस्थान कांग्रेस, खाजूवाला विधानसभा, कांग्रेस टिकट वितरण, बीकानेर राजनीति, पंचायतीराज चुनाव, राजस्थान राजनीतिक समाचार, आपणी हथाई


