

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, शादी के महज 48 घंटे के भीतर नई-नवेली दुल्हन के गहने और नकदी समेटकर फरार होने का सनसनीखेज मामला गंगाशहर थाना क्षेत्र में सामने आया है। पीड़ित दूल्हे की शिकायत पर पुलिस ने दुल्हन समेत मध्यस्थता करने वाले 6 लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी व आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

रस्मों के नाम पर ऐंठे ढाई लाख, फिर आधी रात को खेल
पुलिस के मुताबिक, पूगल रोड स्थित बीएसटी स्कूल के पीछे (वार्ड नंबर-2) रहने वाले मूलचंद गहलोत (पुत्र शंकरलाल गहलोत) ने रिपोर्ट दी है कि 12 नवंबर 2026 को हिंदू परंपरा के अनुसार उनका विवाह महाराष्ट्र निवासी पायल कुमारी (पुत्री विजेश्वर शर्मा) के साथ हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद पायल और इस रिश्ते में भूमिका निभाने वालों ने बताया कि बाकी की वैवाहिक रस्में दुल्हन के मायके (उत्तर प्रदेश) में पूरी की जानी हैं, जिसके लिए परिवार को वहां जाना होगा। इस बहाने उनसे 2 लाख 50 हजार रुपए लिए गए।

रात एक बजे खुली आंख तो उड़े होश
रिपोर्ट के अनुसार, 14 नवंबर की रात खाना खाने के बाद दोनों सो गए। रात करीब 1 बजे जब मूलचंद की आंख खुली तो पायल बिस्तर पर नहीं थी और घर का मुख्य दरवाजा खुला पड़ा था। घर के भीतर और आसपास खोजबीन करने पर भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
जब पीड़ित ने अलमारी संभाली तो वहां से सोने की रखड़ी, सोने का हार, सोने की अंगूठी,चांदी की पायल, 1 लाख 10 हजार रुपए और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन गायब थे।
गिरोह बनाकर ठगी करने का आरोप
मूलचंद ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पीड़ित ने आशंका जताई है कि पायल और उससे जुड़े लोग संगठित गिरोह के तौर पर शादी के नाम पर लोगों को जाल में फंसाते हैं और माल लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं। उन्होंने पुलिस से सामान बरामदगी और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इन 6 लोगों पर दर्ज हुआ मामला, एएसआई कर रहे जांच
गंगाशहर थाना पुलिस ने परिवाद के आधार पर दुल्हन पायल कुमारी के अलावा शादी करवाने में मध्यस्थता करने वाले महेश कुमार कुमावत (निवासी बधाल, जयपुर), खुर्शीदा बेगम (निवासी अजमेर), भंवर सिंह (निवासी भगवानपुरा बस्ती, रानी बाजार, बीकानेर), गणेश गहलोत (निवासी सुजानदेसर, बीकानेर) तथा मांगू सिंह (भंवर सिंह का रिश्तेदार) के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई रामलाल को सौंपी गई है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।



