

देश आपणी हथाई न्यूज, दिसंबर का महीना शुरू होने के साथ ही देश में कई आर्थिक और प्रशासनिक नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम नागरिकों की जेब, रसोई के बजट, यात्रा और निवेश पर पड़ेगा। हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी तेल कंपनियां गैस और ईंधन की कीमतों की समीक्षा करेंगी, वहीं बैंकिंग, ऑटो सेक्टर और बाजार नियामक से जुड़े नए नियम भी प्रभावी होंगे।

एलपीजी और हवाई ईंधन की कीमतों में बदलाव
एलपीजी सिलेंडर और हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों में 1 दिसंबर को संभावित बदलाव आम लोगों के साथ-साथ कारोबारियों के लिए भी अहम रहेगा। सरकारी तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझानों के आधार पर घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के नए रेट जारी करती हैं, जिससे घर की रसोई से लेकर होटल और रेस्टोरेंट के खर्च पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा, यदि आपने अभी तक अपने घरेलू एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी पूरी नहीं की है, तो 1 दिसंबर से बुकिंग रुकने जैसी स्थिति तुरंत नहीं आएगी, लेकिन सरकार के निर्देशानुसार इसे पूरा कराना अनिवार्य बना रहेगा।

ट्रांजेक्शन चार्ज पर शुल्क में बढ़ोतरी
क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए भी 1 दिसंबर से खर्च का हिसाब बदलने वाला है। एसबीआई कार्ड (SBI Card) के नियमों के तहत एक बार में 30,000 रुपये से अधिक के कुछ पात्र ट्रांसपोर्टेशन लेनदेन पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क और लागू कर देना होगा। वहीं, एक बिलिंग साइकिल में फ्यूल पर कुल खर्च 50,000 रुपये से अधिक होने पर पूरे फ्यूल खर्च पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क और कर लागू होगा, जिससे अधिक यात्रा या ईंधन खर्च करने वाले कार्डधारकों की लागत बढ़ सकती है।
Tata की कारें होंगी महंगी
कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए भी 1 दिसंबर से जेब ढीली करनी पड़ सकती है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की ओर से की गई घोषणा के अनुसार 1 दिसंबर 2026 से पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक सहित विभिन्न कार व एसयूवी मॉडलों की कीमतों में वेरिएंट के हिसाब से बढ़ोतरी लागू होगी, जिससे कार खरीदना पहले की तुलना में थोड़ा महंगा हो जाएगा।
बाजार और निवेश के मोर्चे पर 1 दिसंबर से कमोडिटी डेरिवेटिव्स में कारोबार करने वालों के लिए सेबी (SEBI) के नए शुरुआती मार्जिन नियम लागू होंगे। कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर ट्रेडर्स को 6 प्रतिशत, 8 प्रतिशत या कम से कम 10 प्रतिशत शुरुआती मार्जिन रखना होगा और जोखिम मार्जिन अवधि दो से तीन दिन तय की गई है, जिससे ट्रेडर्स को अधिक पूंजी ब्लॉक करनी पड़ सकती है। दूसरी ओर, एनआरआई (NRI), ओसीआई (OCI) कार्डधारक और पात्र विदेशी निवेशकों के लिए 3 दिसंबर से एफएटीएफ (FATF) अनुपालन वाले देशों से भारत आए बिना डिजिटल केवाईसी (KYC) करने की सुविधा शुरू होगी।
दिसंबर की शुरुआत के आसपास कुछ अहम समयसीमाएं और नीतिगत फैसले भी आम लोगों को प्रभावित करेंगे।
30 नवंबर तक जमा कराना होगा जीवित प्रमाण पत्र
केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों को पेंशन जारी रखने के लिए 30 नवंबर तक सालाना जीवन प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य है, अन्यथा दिसंबर से पेंशन मिलने में देरी या रुकावट आ सकती है। वहीं, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 2 से 4 दिसंबर के बीच होगी, जिसके रेपो रेट फैसले का असर आगे चलकर होम लोन और अन्य कर्ज की ब्याज दरों व ईएमआई पर पड़ सकता है। इसके अतिरिक्त, यूआईडीएआई (UIDAI) की ओर से आधिकारिक आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ईमेल एड्रेस जोड़ने या अपडेट करने पर 75 रुपये के शुल्क की छूट 31 दिसंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिल सकती है।



