

Bikaner Politics आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर की सियासत में फिर गरमाया पारा: प्रधान चुनाव से ऐन पहले गोविंदराम मेघवाल के फार्म हाउस पहुंचे पर्यवेक्षक कुलदीप इंदौरा, बंद कमरे की गुफ्तगू ने बढ़ाई धड़कनें
बीकानेर। मरुधरा की सियासत में बीकानेर एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में है। पंचायत समिति प्रधान चुनाव की बिसात बिछने से ठीक पहले कांग्रेस के खेमे में बड़ी राजनीतिक हलचल देखने को मिली है। पार्टी के पर्यवेक्षक और श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा का अचानक पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल के फार्म हाउस पहुंचना और वहां दोनों दिग्गजों के बीच बंद कमरे में हुई लंबी मंत्रणा ने जिले के सियासी गलियारों का तापमान बढ़ा दिया है।
इस हाई-वोल्टेज मुलाकात के बाद से ही राजनीतिक विश्लेषकों और कार्यकर्ताओं के बीच कयासों का दौर तेज हो गया है। हर कोई इस बंद कमरे की गुफ्तगू के सियासी मायने तलाशने में जुटा है। अंदरखाने से छनकर आ रही खबरों की मानें तो दोनों नेताओं के बीच पंचायत समितियों में प्रधान पद के समीकरणों, निर्वाचित सदस्यों की लामबंदी और आगामी चुनावी रणनीति पर गहन मंथन हुआ है। कांग्रेस आलाकमान किसी भी सूरत में प्रधान चुनावों में कोई चूक या भितरघात नहीं चाहता, यही वजह है कि खुद पर्यवेक्षक मैदान में उतरकर नाराजगी दूर करने और डैमेज कंट्रोल की कमान संभाले हुए हैं। खाजूवाला सहित बीकानेर के ग्रामीण अंचल में गोविंदराम मेघवाल की मजबूत पकड़ और जनाधार को देखते हुए पार्टी इस बार फूंक-फूंक कर कदम रख रही है।

दरअसल, कांग्रेस की यह सतर्कता हाल ही में संपन्न हुए जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनावों के सियासी घटनाक्रम की पृष्ठभूमि से जुड़ी है। 41 सदस्यों वाली बीकानेर जिला परिषद में 30 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस को अपनों से ही कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था। पार्टी ने दिवंगत नेता रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी को आधिकारिक प्रत्याशी बनाया, जिसके विरोध में गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान ने निर्दलीय ताल ठोक दी। भाजपा प्रत्याशी के नाम वापस लेने के बाद मुकाबला बेहद रोचक हो गया और अंततः निकिता डूडी ने सरिता चौहान को 5 मतों (23-18) से हराकर कुर्सी पर कब्जा जमाया। इस बगावत के चलते पार्टी ने मेघवाल और सरिता पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की थी। हालांकि, इसके ठीक अगले दिन हुए उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने एकजुटता दिखाते हुए वापसी की और पार्टी प्रत्याशी मदन चौहान ने जीत दर्ज कर जिला परिषद के दोनों शीर्ष पदों पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार रखा।

अब जिला परिषद की जंग फतह करने के बाद असली परीक्षा पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी बचाने की है। जिले की 15 में से 13 पंचायत समितियों में बढ़त बनाने वाली कांग्रेस नहीं चाहती कि जिला प्रमुख चुनाव जैसी गुटबाजी की पुनरावृत्ति प्रधान चुनाव में हो। ऐसे में पर्यवेक्षक कुलदीप इंदौरा और गोविंदराम मेघवाल की इस मुलाकात को आपसी गिले-शिकवे दूर कर एकजुटता के साथ प्रधान पदों पर काबिज होने की बड़ी कवायद के रूप में देखा जा रहा है।



