

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, शहर की कानून-व्यवस्था को एक बार फिर चुनौती देते हुए नयाशहर थाना इलाके में बेखौफ बदमाशों ने एक स्वर्णकार पर जानलेवा हमला कर सोने-चांदी से भरा बैग लूट लिया ऐसा आरोप एओ पीड़ित ने लगाया है। बताया जा रहा है कि घटना पूगल रोड स्थित सब्जी मंडी के पास की है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

कैसे दिया वारदात को अंजाम?
नयाशहर थाना पुलिस को दी गई रिपोर्ट में 39 वर्षीय पीड़ित ओमप्रकाश सोनी (पुत्र सुरजाराम) ने बताया कि 18 नवंबर को वह कहीं जा रहे थे, तभी अचानक एक कैंपर गाड़ी ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उन्हें अपनी गाड़ी रोकनी पड़ी। इसी दौरान मुकेश सोनी, किशोर सोनी, रामनिवास सोनी और उनके एक अन्य साथी ने उन पर लोहे के सरियों व बरछी से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हमले में घायल होने के बावजूद बदमाशों ने उनके हाथ से बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, बैग में करीब 72 ग्राम सोना और 3 किलो चांदी के आभूषण व सामान रखा था।

रंजिश या लूट? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच हैडकांस्टेबल मुकेश को सौंपी गई है। पुलिस टीम फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह वारदात महज लूटपाट की नीयत से की गई या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश छिपी है। दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
बढ़ती वारदातों से शहरवासियों में खौफ
बीकानेर में बीते कुछ समय से चोरी, छीना-झपटी और लूट की घटनाओं में इजाफे से आमजन में भय का माहौल है। हाल ही में जेएनवीसी क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से बाली छीनने, तिलक नगर में मंगलसूत्र झपटने और गंगाशहर में बैग लूटने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब दिनदहाड़े या व्यस्त इलाके के करीब स्वर्णकार पर जानलेवा हमले और कीमती जेवरात की लूट ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मंडी क्षेत्र व सुनसान रास्तों पर गश्त बढ़ाने तथा आरोपियों को जल्द पकड़कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।



