Bikaner आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर शहर और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर में जल्द ही ई-बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। इसके लिए 25 मार्गों का चयन किया गया है, जिन पर यात्रियों को सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।
प्रारंभिक योजना के अनुसार ई-बसें जयपुर रोड से होते हुए वाईपास, नापासर, देशनोक, खारा, उदयरामसर, गंगाशहर, उदासर और खारा क्षेत्र सहित विभिन्न मार्गों पर संचालित की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार जरूरत के मुताबिक इन मार्गों में बदलाव भी किया जा सकता है। शहर में लंबे समय से बेहतर सार्वजनिक परिवहन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, ऐसे में ई-बस सेवा शुरू होने से आम यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि कुछ महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अभी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। खास तौर पर करणी क्षेत्र में आवासीय विस्तार के बावजूद सार्वजनिक परिवहन की कमी बनी हुई है। इसी तरह शहर के प्रमुख कॉलेज, विश्वविद्यालय, पीबीएम अस्पताल, रेलवे स्टेशन, करणी औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के इलाकों को भी नई बस सेवा से जोड़ने की योजना है। नई ई-बसों के संचालन से यात्रियों को सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा मिलने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। यह पहल बीकानेर में पर्यावरण संरक्षण और बेहतर शहरी परिवहन व्यवस्था की दिशा में अहम साबित हो सकती है। हालांकि रियासतकालीन शहरी परकोटा क्षेत्र में नई ईं बसों के संचालन का कोई भी रूट शामिल नहीं किया गया है। इन बसों की लंबाई और चौड़ाई और परकोटा क्षेत्र के मार्ग संकरे होने के चलते इस क्षेत्र के लोगों को फिलहाल इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पाएगा।


