Homeखटाखट स्टोरीधर्म-धारा : भगवान श्रीराम का जन्म और ताड़का वध की लीला ने...

धर्म-धारा : भगवान श्रीराम का जन्म और ताड़का वध की लीला ने बांधा समां, ताड़का के भयावह रूप को देख सहमे बच्चे

धर्म-धारा आपणी हथाई न्यूज़, बीकानेर नगर सेठ लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम कला मंदिर संस्थान एवं रोटरी क्लब रॉयल्स, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में भव्य रामलीला का मंचन किया जा रहा है। रामलीला की दूसरी रात्रि में भगवान श्रीगणेश की आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान भगवान श्रीराम एवं माता सीता के जन्म, मारीच-सुबाहु के प्रसंग और राक्षसी ताड़का वध की लीला का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से रूबरू करवाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विजय नृसिंहम व्यास, एसबीबीजे की पीपी ब्रांच बीकानेर के पूर्व प्रबंधक सुरेश शर्मा, बेसिक कॉलेज के संचालक रामजी व्यास एवं सिटी कोतवाली थानाधिकारी सविता ढाल सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। संस्थान के अध्यक्ष गिरिराज जोशी ने बताया कि रामलीला के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने का प्रयास किया जा रहा है।

रामलीला के निर्देशक मक्खन जोशी ने बताया कि ताड़का के किरदार को प्रभावशाली और भयावह बनाने के लिए रवि जोशी पिछले 25 दिनों से तैयारी कर रहे थे। मंच पर ताड़का के डरावने रूप और सशक्त अभिनय को देखकर बच्चों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ताड़का के भयावह स्वरूप ने रामलीला मैदान में रोमांच और कौतूहल का वातावरण पैदा कर दिया। कलाकारों की मेहनत और मंचन की प्रभावशीलता ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

रामलीला में राजा दशरथ की भूमिका मक्खन जोशी, विश्वामित्र की भूमिका कैलाश भादाणी, बाल राम की भूमिका हर्षवर्धन मारू, बाल लक्ष्मण की भूमिका कर्णवीर मारू, राजा जनक की भूमिका नीलेश चतुर्वेदी, ताड़का की भूमिका रवि जोशी, अग्निदेव की भूमिका शिवराज जोशी, मारीच की भूमिका मदन आचार्य तथा सुबाहु की भूमिका तरुण आचार्य ने निभाई। सभी कलाकारों ने अपने अभिनय से रामलीला के प्रसंगों को सजीव बनाने का प्रयास किया।

 

 



ताजा खबर