Homeक्राइमBikaner Crime : जूनागढ़ किले के सामने तीन मंदिरों में चोरी से...

Bikaner Crime : जूनागढ़ किले के सामने तीन मंदिरों में चोरी से मचा हड़कंप, चोरों ने ताले तोड़कर उड़ाए जेवर और नकदी

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल जूनागढ़ किले के सामने स्थित तीन मंदिरों को चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया। देर रात अज्ञात बदमाशों ने संतोषी माता, हनुमानजी और अंजनी माता मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने मंदिरों के ताले तोड़कर नकदी, चांदी के छत्र, सोने की नथ और अन्य कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।

घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ, जब पुजारी विमल गौतम नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। वहां टूटे हुए ताले और अस्त-व्यस्त पड़ा सामान देखकर उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल सदर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी और घटना की लिखित रिपोर्ट सौंपी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों मंदिरों का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब चोरी गए सामान का आकलन करने के साथ आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास कर रही है।

डेढ़ साल बाद फिर चोरों के निशाने पर मंदिर

हैरानी की बात यह है कि इन मंदिरों में पहले भी चोरी की वारदात हो चुकी है। करीब डेढ़ साल पहले हुई चोरी का मामला अभी तक अनसुलझा है और अब दोबारा तीनों मंदिरों में सेंध लगने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि व्यस्त और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में मंदिर सुरक्षित नहीं हैं तो अन्य स्थानों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश

चोरी की पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस फुटेज खंगालकर संदिग्धों की गतिविधियों और उनकी पहचान का पता लगाने में जुटी है। दिनभर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गुलजार रहने वाले इस इलाके में एक साथ तीन मंदिरों में चोरी होने से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। अब स्थानीय लोगों की मांग है कि रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाए।



ताजा खबर