आपणी हथाई न्यूज, बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जुड़े चर्चित काला हिरण शिकार मामले की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच फिल्म के निर्देशक भरत एस. श्रीनाते ने सलमान खान की ओर से दायर कानूनी कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए बड़ा बयान दिया है। निर्देशक ने कहा कि “सलमान खान भगवान नहीं हैं, ना कोई गॉडफादर जो उन्हें और उनके फिल्मी करियर को बर्बाद कर दे।” उनके इस बयान के बाद फिल्म को लेकर बहस और तेज हो गई है।
एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में जब डायरेक्टर भरत एस. श्रीनाते से इस ब्रेसलेट और सलमान से समानता को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने तीखा जवाब दिया. भरत ने कहा, ‘यह फिरोजी ब्रेसलेट कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे किसी ने पेटेंट करा रखा हो। अगर सलमान खान को लगता है कि इसे दुनिया में सिर्फ वही पहन सकते हैं, तो उन्हें इसका पेटेंट करवा लेना चाहिए ताकि यह कहीं और न मिले। मैं इस बात को सिरे से खारिज करता हूं कि हमारी फिल्म का किरदार सलमान खान पर आधारित है।यह सिर्फ एक सिनेमाई कहानी है, सलमान की जिंदगी नहीं.’
फिल्म को लेकर सलमान खान ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। अभिनेता का आरोप है कि फिल्म उनकी छवि, व्यक्तित्व अधिकारों और पुराने काला हिरण शिकार मामले से जुड़े तथ्यों का बिना अनुमति उपयोग करती है। हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई हुई, जहां फिल्म निर्माताओं की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा गया, जिसके बाद सुनवाई स्थगित कर दी गई।
निर्माता अमित जानी और निर्देशक भरत श्रीनाते लगातार दावा कर रहे हैं कि यह फिल्म सलमान खान की बायोपिक नहीं है। उनका कहना है कि फिल्म का मुख्य उद्देश्य बिश्नोई समाज, वन्यजीव संरक्षण और सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध घटनाओं को पर्दे पर दिखाना है। वहीं दूसरी ओर फिल्म से जुड़े कुछ कलाकारों ने आरोप लगाया है कि उन्हें फिल्म की वास्तविक कहानी के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई थी, जिससे विवाद और बढ़ गया है।
विवादों के बीच फिल्म के निर्माता को कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला भी सामने आया है। निर्माता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर सुरक्षा की मांग की है। इस पूरे घटनाक्रम के कारण फिल्म रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है।


