Bollywood आपणी हथाई न्यूज, ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपने डायलॉग्स और अंदाज से लोगों के दिलों पर राज करने वाली मिर्जापुर सीरीज एक बार फिर दर्शकों के लिए है । आखिरकार लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। दमदार टीजर के बाद अब ट्रेलर में फिल्म की कहानी, किरदारों और बड़े पर्दे पर होने वाली जंग की झलक देखने को मिल रही है। फिल्म के साथ एक बार फिर मिर्जापुर की वही दुनिया लौट रही है, जिसमें सत्ता, बदला और गद्दी की लड़ाई सबसे अहम है। खास बात यह है कि इस बार कहानी ओटीटी से निकलकर सीधे सिनेमाघरों तक पहुंच रही है। मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ट्रेलर में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं मुन्ना भैया के रूप में दिव्येंदु शर्मा लौट आए हैं। अली फजल भी गुड्डू पंडित के रोल में हैं। यानी मिर्जापुर के पुराने और सबसे चर्चित किरदार एक बार फिर आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। जितेंद्र कुमार भी फिल्म की स्टारकास्ट का हिस्सा हैं।
फिर छिड़ी गद्दी की जंग
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी उसी दुनिया से आगे बढ़ती है, जिसकी शुरुआत 2018 में आई सीरीज के पहले सीजन से हुई थी। ट्रेलर में दिखाया गया कि मिर्जापुर की गद्दी को लेकर संघर्ष एक बार फिर तेज होने वाला है। ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के वही तीखे डायलॉग, डार्क ह्यूमर और दमदार एक्शन की झलक ट्रेलर में भी देखने को मिल रही है। कालीन भैया का दबदबा, गुड्डू पंडित का आक्रामक अंदाज और मुन्ना भैया की मौजूदगी कहानी में एक बार फिर पुराना रोमांच पैदा करती है। हालांकि, फिल्म सिर्फ पुराने किरदारों पर निर्भर नहीं है। कहानी में कई नए चेहरे और किरदार भी जोड़े गए हैं, जो मिर्जापुर की इस दुनिया में नए समीकरण बनाते नजर आएंगे।
बात करें फ़िल्म की स्टार कास्ट की तो पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और जितेंद्र कुमार के अलावा फिल्म में रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल चौहान, अनंगशा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।


