

Ajmer Ram Setu Bridge: राजस्थान के अजमेर जिले में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए लगभग 243 करोड़ रुपये की लागत से बना राम सेतु पुल अब सुरक्षा कारणों से पूरी तरह से ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है। हाल ही में हुई भारी बारिश और गुजरात के वडोदरा में हुए पुल हादसे के बाद कोर्ट ने ये फैसला लिया है।
ये पुल राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का हिस्सा था लेकिन अब कोर्ट ने इस पुल पर ट्रैफिक को पुरी तरह से बंद करने का आदेश दे दिया है। गुजरात के वडोदरा में हाल ही में एक पुल बीच से गिर गया था, जिसमें जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ था। इस बीच 3 जुलाई को जब बारिश हुई तो अजमेर का रामसेतु पुल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
ऐसे में एहतियात के तौर पर कोर्ट ने इस पुल पर ट्रैफिक को पूरी तरह से बंद करने का आदेश दिया है। इस पुल की खराब हालत को लेकर दो स्थानीय निवासियों जितेश धनवानी और मुकेश पुरी ने लोकल कोर्ट में याचिका लगाई थी। इस याचिका के तहत ही अजमेर कोर्ट के अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश और न्यायिक मजिस्ट्रेट मनमोहन चंदेल ने सड़क को बंद करने का आदेश दिया है।
इसके साथ ही नगर निगम आयुक्त और अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ को नोटिस जारी किया है। स्थानीय याचिकाकर्ताओं की ओर से कोर्ट में पक्ष रखने वाले अधिवक्ता विवेक पाराशर ने कहा कि निवासी अब चाहते हैं कि पुल का निरीक्षण कोई तीसरा पक्ष करे।
अजमेर कलेक्टर लोक बंधु ने मीडिया को बताया कि हमने सड़क पर यातायात रोक दिया और समस्या की जांच के लिए इंजीनियरों की तीन सदस्यीय टीम गठित की। कलेक्टर ने कहा कि हमने मालवीय राष्ट्रीय इंजीनियरिंग संस्थान की टीम को भी पत्र लिखा है और वे तकनीकी जांच करके अपनी रिपोर्ट देंगे। Ajmer Ram Setu Bridge


