Rajasthan Weather Update: राजस्थान में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात की वजह से आसमान में बादल छा गए हैं और प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी से अति भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 27 जुलाई से अगले चार दिन तक प्रदेश भर में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।
कई जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को आगाह किया है कि वे जल भराव वाले क्षेत्रों में न जाएं। जहां तक संभव हो, स्वयं को पानी के बहाव से दूर रखें। पूर्व में कई अनहोनी घटनाएं हो चुकी है। ऐसे में एहतियात बरतना बेहद जरूरी है।
मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी किए गए ताजा बुलेटिन में आज रविवार को केवल जैसलमेर को छोड़कर सभी 32 जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दक्षिण राजस्थान के चार जिलों बांसवाड़ा, डूंगरपुर, झालावाड़ और प्रतापगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, कोटा, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर में भी अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में पूर्वी राजस्थान के साथ पश्चिमी राजस्थान के जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर को छोड़कर सभी 9 जिलों बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर, जालौर, पाली और नागौर में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें से जालौर नागौर और पाली में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान की बात करें तो टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, जयपुर, धौलपुर और अजमेर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है जबकि शेष जिलों अलवर, भरतपुर, दौसा, झुंझुनूं और सीकर में भी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।Rajasthan Weather Update


